डिडौली। कुछ लोगों ने मिनी बैंक में रुपये जमा कराने के नाम पर 56 दुकानदारों से 25 लाख रुपये हड़प लिए। आरोपी रोजाना दुकानदारों से 100 से लेकर 500 रुपये तक की वसूली करते थे। जिसका बिल भी देते थे। लेकिन, अब दुकानदारों का पैसा वापस लौटाने से इन्कार कर दिया। इतना ही नहीं जो दो युवक रोजाना दुकानदारों से वसूली करते थे। उन्हें धमकी दी जा रही है। पीड़ितों ने तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
हसनपुर कोतवाली क्षेत्र के दो युवकों का आरोप है कि उनकी मुलाकात जोया के दो युवकों से हुई थी। बताया कि जोया के युवक एक संस्था द्वारा बनाए गए मिनी बैंक में वह दुकानदारों के रुपये जमा कराते थे। आरोपी युवकों ने 13 हजार रुपये महीने की सैलरी पर पीड़ित युवकों को जोया कस्बे के दुकानदारों से रुपये वसूली के लिए लगा दिया। वसूली करने वाले युवक दुकानदारों से रोजाना वसूली करके उन्हें बिल काट कर देते थे। इस बैंक में ग्राहक का खाता और एजेंट का कोड होता था।
आरोपी युवकों ने 56 दुकानदारों से करीब 25 लाख रुपये जमा कर लिए। अब दुकानदारों ने अपने रुपये वापस मांगना शुरू कर दिया तो दोनों आरोपी आनाकानी करने लगे। आरोप है कि हकीकत जानने पर पता चला कि बैंक और ग्राहकों को दिए गए बिल सब फर्जी हैं। अब वसूली करने वाले युवकों ने डिडौली कोतवाली में तहरीर देकर आरोपियों को खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। सीओ अरुण कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। उसके बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।