अमरोहा। जिले में गेहूं खरीद के उठान में तेजी नहीं आ रही है। दो दिन में महज 10,130 क्विंटल गेहूं का उठान हुआ है। फिलहाल 23,970 क्विंटल गेहूं क्रय केंद्रों में है। क्योंकि बारिश से बचाव के पर्याप्त इंतजाम नहीं है। कई जगहों पर गेहूं भीग गए हैं।
जिले में कुल 3,51,310 क्विंटल गेहूं की खरीद हुई है जिसमें 3,27,330 गेहूं का उठान हो गया है। गेहूं को भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) के गोदाम में रखा गया है। गेहूं खरीद की अंतिम तिथि 22 जून है। हालांकि फिलहाल 23,970 क्विंटल गेहूं क्रय केंद्रों से उठान नहीं हो सका है। गुरुवार से शनिवार तक के बीच में 10,130 क्विंटल गेहूं का उठान हुआ है। उठान में तेजी नहीं आ रही है इसके चलते क्रय केद्रों में गेहूं के भींगने की आशंका बढ़ गई है। कई क्रय केंद्रों में तिरपाल से गेहूं के बोरों को ढका गया लेकिन मानसून के बीच नाकाफी साबित हो सकते हैं। जिला खाद्य विपणन अधिकारी सुभाष मैथानी ने बताया कि गेहूं के उठान कराए जा रहे हैं सभी गेहूं को जल्द ही भारतीय खाद्य निगम के गोदाम में भेज दिया जाएगा।