तिगरी धाम (अमरोहा)। तिगरी गंगा धाम मेले में श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ती जा रही है। मेला पूरी तरह भरकर चलने लगा है अब भी श्रद्धालुओं का आना बना हुआ है। मेले में शहर और ग्रामीण संस्कृति का संगम हो रहा है। पतित पावनी गंगा में डुबकी लगाकर लोग पुण्य लाभ कमा रहे हैं। मेले आए बच्चों और युवाओं के लिए यह पिकनिक स्पॉट बना हुआ है।
कार्तिक पूर्णिमा 23 नवंबर को है। इस दिन मुख्य स्नान है। 22 नवंबर की रात बारह बजे के बाद कार्तिक पूर्णिमा का मुख्य स्नान शुरू हो जाएगा। रविवार को मेले का उद्घाटन होते ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। शहर से लेकर गांव तक लोग मेले में अपने डेरे लगाए हुए हैं।
जहां कल्पवासी गंगा स्नान और भजन कीर्तन कर पुण्य लाभ कमा रहे हैं, तो बच्चे और युवा पिकनिक का आनंद ले रहे हैं। बच्चे झूले और खेल तमाशों का भी लाभ ले रहे है। छोटे बच्चों ने खिलौने खरीदे और चरखी वाले झूले का आनंद लिया। सौंदर्य प्रसाधन की दुकानों पर महिलाओं की भीड़ लगी रही। फिरकी गुब्बारे, पपीहा बांसुरी आदि फेरीवालों को बच्चे घेरे हुए नजर आए।
स्वास्थ्य शिविर शुरू
तिगरी मेले में राजकीय चिकित्सालय संचालित हो गया है। इसके अलावा निशुल्क स्वास्थ्य शिविर भी लगे हुए है। जहां मरीजों को सामान्य बीमारी की निशुल्क दवाई दी जा रही है।