मंडी धनौरा। तिगरी धाम में कार्तिक पूर्णिमा पर लगने वाले मेले में अपना रूतबा दिखाने के लिए वीवीआईपी पास स्टेटस सिंबल बन चुका है। वीवीआईपी पास के लिए मेला मजिस्ट्रेट के पास दिन भर सिफारिश आ रही हैं। भारी तादाद में जारी हो चुके वीवीआईपी पास मुख्य मेले के दिन पुलिस-प्रशासन के लिए परेशानी का सबब बन सकते हैं।
तिगरी मेले में टोल टैक्स समाप्त किया जा चुका है। पहले लोग टोल टैक्स से बचने के लिए वीवीआईपी पास लेते थे। लेकिन इस बार टोल टैक्स खत्म होने के बाद पास का ग्लेमर कम होने का नाम नहीं ले रहा है। हर दूसरा व्यक्ति वीवीआईपी पास के लिए मेला मजिस्ट्रेट व एसडीएम धनौरा के कार्यालय के चक्कर काट रहा है।
जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक कम संख्या में पास जारी करने की बात कर रहे हैं ताकि मेले के दिन अव्यवस्था ना हो लेकिन सत्ताधारी नेताओं व जिला पंचायत सदस्यों की भारी मांग ने अव्यवस्था फैलाने के पूरे इंतजाम कर दिए हैं। बताया जाता है कि लगभग एक हजार वीवीआईपी पास जारी किए जा चुके हैं।