गजरौला। श्रावण मास पूर्णिमा पर परिवार संग ब्रजघाट आया गाजियाबाद का इंजीनियर स्नान के दौरान गहरे पानी में जाकर गंगा में डूब गया। गोताखोरों ने उसकी काफी तलाश की। लेकिन, उसका कोई सुराग नहीं मिला। इंजीनियर की मौत से परिवार में कोहराम मच गया है।
गाजियाबाद के मोहल्ला प्रताप बिहार निवासी पुलकित माहेश्वरी(29) पुत्र राकेश माहेश्वरी गुड़गांव में एक कंपनी की आईटी ब्रांच में इंजीनियर था। सोमवार श्रावण मास पूर्णिमा पर परिवार के साथ ब्रजघाट पर गंगा में स्नान करने को आया था। सुबह करीब आठ बजे स्नान करते हुए वह गहरे पानी में पहुंच गया। नदी का तेज बहाव के कारण वह डूब गया। सूचना मिलते ही गोताखोर मौके पर पहुंच गए। उन्होंने शाम तक डूबे इंजीनियर की तलाश की। लेकिन, उसका कोई सुराग नहीं मिल कसा। हादसे के बाद परिजनों को रो-रोकर बुरा हाल है। दुखी परिजन देर शाम को घर लौट गए। वहीं, अधिकारियों का कहना है कि मंगलवार को फिर युवक की तलाश कराई जाएगी।