रात में छह से आठ घंटे तक हो रही अघोषित कटौती
अमर उजाला ब्यूरो
गजरौला।
नगर में बिना रोस्टर बिजली कटौती से लोगों को परेशानी हो रही है। गर्मी से ज्यादा दिक्कत हो रही है। उपभोक्ताओं को न तो दिन में नियमित विद्युत सप्लाई मिल रही है और न ही रात में। शेड्यूल के अनुसार भी बिजली आपूर्ति नहीं मिलने से लोग बिलबिला उठे हैं। बिजली अफसरों द्वारा इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
श्रावण माह की उमस भरी गर्मी आम जनमानस को व्याकुल कर रही है, ऐसे में अघोषित विद्युत कटौती और दुखदायी साबित हो रही है। शहर में कटौती से हाहाकार मचा हुआ है। उपभोक्ताओं को ना दिन में चैन मिल रहा है और ना ही रात में। नागरिकों को गर्मी के चलते रात जागकर काटनी पड़ रही है। हालात यह है, शहर में निर्धारित रोस्टर से अधिक कटौती की जा रही है। जहां दिन में कटौती का समय शाम 4 बजे से देर शाम 7 बजे तक निर्धारित है और सुबह में कटौती साढ़े पांच बजे से सुबह सात बजे तक निर्धारित है, लेकिन इससे भी अधिक कटौती की जा रही है। कभी-कभी तो सुबह 11 बजे से ही कटौती शुरू कर दी जाती है। यही हाल रात की कटौती का है। नगर में 6 से 8 घंटे तक कटौती की जा रही है। लोगों को छतों पर टहलकर रात बितानी पड़ रही है। मोहल्ला बस्ती निवासी भगवान दास, राजू, वरुण भारद्वाज का कहना है कि 24 घंटे में बमुश्किल 10 घंटे सप्लाई मिल पा रही है। इस सप्लाई में भी ट्रिपिंग होती रहती है। विद्युत अव्यवस्था के कारण से काफी परेशानियों से सामना करना पड़ रहा है। पेयजल समस्या भी खड़ी हो गई है। नियमित विद्युत सप्लाई न मिलने से घरों में लगे इनवर्टर भी पूरा बैकअप नहीं दे पाते हैं। शासन के निर्देशों के बाद भी शहर के उपभोक्ताओं को 18 घंटे विद्युत सप्लाई नहीं दी जा रही है। गर्मी में अघोषित कटौती सेे लोगों का बुरा हाल है। दोपहर के समय होने वाली कटौती के कारण जनमानस त्रस्त है।
रात स्टेशन रोड़ पर लाईन में फाल्ट होने के बाद तार टूट गया था। जिसे ठीक कराने के लिए कटौती की गई थी। इसके साथ ही शहर में बिजली लाइन में फाल्ट की समस्या ज्यादा है, स्टोर से सामान आने पर शहर की बिजली लाइनों को दुरुस्त कराया जाएगा।
- गजेंद्र सिंह, जेई।