अमरोहा। जिले की 576 ग्राम पंचायतों में से अब तक केवल 60 ग्राम पंचायतों ने करीब 200 विकास कार्यों के प्रस्ताव अनुमोदन के लिए भेजे हैं। इन प्रस्तावों की फाइलें तैयार कर डीएम के पास मंजूरी के लिए भेज दी गई हैं। स्वीकृति मिलने के बाद ही गांवों में सड़क, नाली, खड़ंजा समेत अन्य विकास कार्य शुरू हो सकेंगे। प्रस्तावों की कम संख्या से नई योजनाओं को लेकर प्रशासकों और ग्राम पंचायत सचिवों की उदासीनता भी सामने आई है।
26 मई को ग्राम प्रधानों का कार्यकाल समाप्त होने के बाद उन्हें ही प्रशासक बनाया गया था, लेकिन तब से किसी भी नए विकास कार्य की शुरुआत नहीं हो सकी है। पंचायतों के खातों में पर्याप्त धनराशि होने के बावजूद अनुमोदन के अभाव में नई सड़क, नाले-नालियों के निर्माण और साफ-सफाई से संबंधित आवश्यक सामग्री की खरीद भी रुकी हुई है।
विभागीय अधिकारियों के अनुसार ग्राम पंचायतों से प्रस्ताव काफी देरी से प्राप्त हुए हैं। अब तक अमरोहा, गंगेश्वरी, हसनपुर और जोया ब्लॉक की 60 ग्राम पंचायतों से करीब 200 प्रस्ताव मिले हैं, जिन्हें अनुमोदन के लिए डीएम के पास भेजा गया है।
जिला पंचायत राज अधिकारी नितिन कुमार ने बताया कि जिन ग्राम पंचायतों से अभी तक प्रस्ताव प्राप्त नहीं हुए हैं, उन्हें लगातार रिमाइंडर भेजे जा रहे हैं। डीएम से स्वीकृति मिलते ही गांवों में विकास कार्य शुरू करा दिए जाएंगे।