तिगरी धाम। कार्तिक पूर्णिमा पर तिगरी गंगा मेले में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। मंगलवार मध्यरात्रि से शुरू हुआ मुख्य स्नान बुधवार देर शाम तक जारी रहा। प्रशासन के मुताबिक, इस बार 15 से 24 नवंबर तक करीब 44 लाख श्रद्धालुओं ने गंगा में डुबकी लगाई। तड़के से ही घाटों पर पैर रखने तक की जगह नहीं बची। जबकि मंगलवार को कार्तिक पूर्णिमा पर करीब 20 लाख श्रद्धालुओं ने पावन स्नान किया। हर-हर गंगे के जयघोष से पूरा मेला क्षेत्र गूंजता रहा। स्नान और पूजा-अर्चना के बाद श्रद्धालुओं पूजा-अर्चनाकर पुरोहितों को दान दक्षिणा कर पुण्य लाभ कमाया।
मुख्य स्नान के लिए मंगलवार रात से ही श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया था। आधी रात के बाद घाटों पर भीड़ बढ़ी और सुबह होते-होते पूरा मेला क्षेत्र श्रद्धालुओं से पट गया। दूधिया रोशनी से जगमगाते तिगरी धाम में जिले के अलावा मुरादाबाद, संभल, बिजनौर, बुलंदशहर और दिल्ली समेत आसपास के क्षेत्रों से श्रद्धालु पहुंचे। उन्होंने गंगा स्नान के बाद पूजन, हवन किया और दिवंगत परिजनों की आत्मा की शांति के लिए पुष्प अर्पित किए। साथ ही परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।
भीड़ को देखते हुए मेला क्षेत्र में सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहे। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी व्यवस्थाओं पर नजर बनाए रहे। मुख्य स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने डेरे समेटने शुरू कर दिए। दोपहर बाद घर लौटने वालों की संख्या बढ़ने से मेला क्षेत्र धीरे-धीरे खाली होने लगा।
डीएम डॉ. नितिन गौड़ ने बताया कि इस बार मेले में 60 हजार डेरों में छह लाख श्रद्धालु रुके हुए थे। वहीं, 15 से 24 नवंबर तक 44 लाख श्रद्धालुओं ने गंगा में स्नान किया।