गजरौला। तिगरीधाम मेला खत्म होने पर गंगा तट पर सफाई के लिए दो दिन विशेष अभियान चलेगा। जिला पंचायत अध्यक्ष ने मेला स्थल पर ठेकेदारों व सफाई कर्मियों को निर्देश दिया तथा जल्द से जल्द गंगा तट की सफाई करने को कहा। बताया कि सफाई होने के बाद मेला संपन्न होने का पूजन किया जाएगा।
तिगरीधाम मेला समाप्त हो चुका है। ठेकेदार मेले से झूले, मौत का कुआं, टीनशेड हटाने का काम कर रहे हैं। सफाई कर्मी भी मेले की सफाई में लगे हैं। मेला स्थल का क्षेत्र बड़ा होने के कारण 27 व 28 नवंबर को विशेष अभियान चलेगा।
इसके लिए नगर पालिका, नगर पंचायत व ग्रामीण क्षेत्रों से सफाई कर्मियों की ड्यूटी मेला स्थल पर लगाई गई है। इसकी निगरानी पंचायती राज विभाग करेगा। सोमवार को मेला स्थल पर पहुंचकर जिला पंचायत अध्यक्ष सरिता चौधरी ने स्थिति का जायजा लिया। सफाई कर्मियों को निर्देश दिए कि जल्द से जल्द पूरा मेला स्थल साफ किया जाए।