मंडी धनौरा। मनचलों को सबक सिखाने के लिए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित की गई सर्किल की एंटी रोमियो स्क्वॉड की सक्रियता से मनचलों पर रोक लगी है। सादे कपड़ों में घूमने वाली महिला सिपाहियों को दूर से देखते ही मनचलों में घबराहट पैदा हो रही है।
हालांकि पहली नजर में किसी को भी यह आभास नहीं हो पाता है कि पांच के समूह में वेस्टर्न ड्रेस पहन कर घूमने वाली लड़कियां कोई सामान्य युवती नहीं बल्कि पुलिस के एंटी रोमियो स्क्वॉड की सक्रिय सदस्य हैं।
नगर में दोपहर बाद पांच लड़कियां वेस्टर्न ड्रेस पहनकर नगर के बीच से गुजरती हैं। पहली नजर में कोई भी इन लड़कियों को सामान्य तरीके से लेता है। लेकिन जब उनको मालूम होता है कि पूरे नगर में ग्रुप में घूमने वाली ये लड़कियां उत्तर प्रदेश पुलिस की एंटी रोमियो स्क्वाड की सदस्य हैं तो मनचलों में घबराहट हो जाती है।
इनका नेतृत्व एक महिला उपनिरीक्षक कर रही हैं। इनका उद्देश्य सामान्य नागरिक की तरह घूमकर मनचलों पर कार्रवाई करना है।