गजरौला। गणेश चतुर्थी पर आयोजित शोभायात्रा के चलते चौपला और मंडी धनौरा मार्ग पर जाम की स्थिति बनी रही। चौपला पर कुछ समय के लिए जाम रहा। इंदिरा चौक पर धनौरा मार्ग के लिए डेढ़ घंटे तक वाहनों का आवागमन बाधित रहा।
गणेश शोभायात्रा का शुभारंभ चौपला स्थित शिव मंदिर से किया गया था। वहां से इंदिरा चौक के लिए यात्रा शुरू की गई। धनौरा और संभल की ओर जाने वाले रास्ते पर करीब आधा घंटे जाम की स्थित बनी। फ्लाईओवर पर एक ओर पुलिस ने शोभायात्रा के लिए आरक्षित की थी। दूसरी ओर वाहन के लिए लेन छोड़ी गई थी। इस बीच राहगीरों को पुल के दोनों ओर दर्शकों की भीड़ खड़ी होने के कारण दिक्कतों का सामना करना पड़ा। इंदिरा चौक पर शोभायात्रा के पहुंचने पर धनौरा मार्ग की ओर जाने वाले वाहनों को रोक दिया गया था। इस कारण करीब डेढ़ घंटे तक वाहन फंसे रहे। वहीं बस्ती में घूमकर जब यात्रा रेलवे स्टेशन चौराहा पर पहुंची तब भी यातायात कुछ समय के लिए बाधित रहा। प्रभारी निरीक्षक अशोक कुमार शर्मा ने बताया कि यातायात के लिए पहले ही बंदोबस्त कर दिए गए थे। पुलिस ने व्यवस्था बनाए रखी। चौराहों पर झांकियों के बीच थोड़ी दूरी बनवाकर कुछ वाहन पास कराते रहे जिससे यातायात का ज्यादा दवाब न रहे। किसी तरह की कोई दिक्कत पेश नहीं आई।