अमर उजाला ब्यूरो
गजरौला।
हरिद्वार से पैदल कांवड़ ला रहे शिवभक्तों में बाइक सवार कांवड़ियों ने पीछे से टक्कर मार दी। जिससे दो शिवभक्तों की कांवड़ खंडित हो गई। हादसे में महिला कांवड़ी समेत चार शिवभक्त घायल हो गए। घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया गया। यहां से प्राथमिक उपचार के बाद दो शिवभक्तों को रेफर कर दिया गया।
हादसा गुरुवार दोपहर एक बजे हुआ। जब हरिद्वार से कांवड़ लेकर गंतव्य की ओर बढ़ रहे पैदल कांवड़ियों को ब्रजघाट से पहले ही पीछे से बाइक पर कांवड़ लेकर आ रहे दो कांवड़ियों ने टक्कर मार दी। हादसे में दो कांवड़ियों की कांवड़ खंडित हो गई। जबकि पैदल चल रहे उमेश व महिला संतोष व मासूम दक्ष निवासी गांव उटरावली, बुलंदशहर और बाइक सवार मिथुन पुत्र कलुआ निवासी गांव सुरजावली, ओरंगाबाद घायल हो गए। मौके पर शिवभक्तों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। यहां से प्राथमिक उपचार के बाद मिथुन व उमेश को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।