मंडी धनौरा। भारतीय जनता पार्टी के विधायक राजीव तरारा ने कहा है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार आम जनता के हितों के लिए काम कर रही है। सरकार की सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत गरीब व निर्धन वर्ग के लोगों के विवाह कराए जाने की मुख्यमंत्री की योजना भी अनूठी है। वह एक बैंक्वेट हाल में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत सामूहिक विवाह के मौके पर बोल रहे थे। इस अवसर पर 18 जोड़े विवाह के बंधन में बंधे। किसी ने फेरे लिए तो किसी ने निकाह कुबूल किया। भाजपा विधायक व ब्लाक प्रमुख ने नव विवाहित जोड़ों को आशीर्वाद प्रदान कर सुखद वैवाहिक जीवन की कामना की।
भाजपा विधायक ने कहा कि प्रदेश सरकार आम जनता के हित में काम कर रही है। उन्होंने सामूहिक विवाह योजना, उज्जवला योजना, आयुष्मान भारत आदि योजना की जानकारी देते हुए कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार आम आदमी का जीवन स्तर सुधारने के लिए काम कर रही है। उन्होंने अपनी विधानसभा क्षेत्र में कराए गए विकास कार्यो की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सबका साथ सबका विकास व सबका विश्वास भाजपा की नीति है। उन्होंने नवदंपतियों को आशीर्वाद प्रदान कर सुखी वैवाहिक जीवन की कामना की। इस अवसर पर गजरौला विकास खंड के आठ व धनौरा विकास खंड के 10 जोड़ों का विवाह कराया गया। नवदंपत्तियों को शासन की नीति के अनुसार 35 हजार रुपये का सामान दिया गया। कार्यक्रम में गजरौला की नवनिर्वाचित ब्लाक प्रमुख मीनाक्षी चौधरी, वीरेंद्र सिंह, राजपाल सिंह, बीडीओ धनौरा मोहम्मद जाकिर, बीडीओ गजरौला सतेंद्र सिंह आदि मौजूद थे।