अमरोहा। बिरादराने कुरैश के तत्वावधान में बृहस्पतिवार रात हुए एक निजी बैंक्वेट हाल में आयोजित सामूहिक विवाह समारोह में 17 जोड़ों ने एक-दूसरे का हाथ थामते हुए वैवाहिक जीवन संग नए सफर की शुरुआत की। निकाह के दौरान एक पंडाल में एक साथ एक वक्त में कुबूल है, कुबूल है, कुबूल है के बोल गूंजते ही माहौल खुशनुमा हो गया।
आल इंडिया जमीयतुल कुरैश के जिलाध्यक्ष खालिद कुरैशी ने बताया कि संस्था की ओर से ये 13वां सामूहिक विवाह समारोह था। साल 2010 में इसकी शुरुआत की गई थी। इसके पीछे मकसद शादियों में होने वाले फिजूल खर्च को रोकने के साथ समाज में फैले गलत रस्म-ओ-रिवाज व दहेज प्रथा को खत्म करना है। बृहस्पतिवार रात संपन्न हुए इस कार्यक्रम में दिल्ली, मुरादाबाद, मुंबई, मेरठ, हापुड़, जयपुर व अन्य शहरों से आए लोग मौजूद रहे। पूर्व एमएलसी परवेज अली व भाजपा नेता निखिल जैन ने दूल्हा-दुल्हन नया सफर शुरू करने की बधाई दी। संस्था के अध्यक्ष हाजी अल्ताफ कुरैशी व सचिव जावेद कुरैशी ने आगे भी इस तरह के आयोजन जारी रखने की बात कही। इस दौरान चौधरी फुरकान, एजाज कुरैशी एडवोकेट, युनूस कुरैशी, यूसुफ कुरैशी, हसनैन कुरैशी आदि मौजूद रहे।