अमरोहा। दिल्ली-मुरादाबाद रूट पर बाबूगढ़-कुचेसर और काफूरपुर-महेशरा के बीच शुक्रवार को मेगा ब्लॉक के चलते यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। शहीद और सद्भावना एक्सप्रेस का अचानक रूट बदल दिया गया। जबकि यात्री इन ट्रेनों का अमरोहा में इंतजार करते रहे। ऐसे में यात्रियों में अफरातफरी का माहौल रहा।
सीआईटी कैलाश चंद ने बताया कि शुक्रवार को दिल्ली-मुरादाबाद रेलवे लाइन पर साढ़े सात घंटे का मेगा ब्लाक के चलते जयनगर से अमृतसर को जाने वाली 14673 शहीद एक्सप्रेस और रक्सौल से चलकर आनंद विहार को जाने वाली 14007 सद्भावना एक्सप्रेस ट्रेन के लेट हो गई। शहीद एक्सप्रेस को मुरादाबाद से सहारनपुर से वाया आंवला अमृतसर को रवाना किया। वहीं सद्भावना ट्रेन को मुरादाबाद से टपरी के रास्ते गाजियाबाद को रवाना किया गया। वहीं 54393-94 गजरौला-मुरादाबाद पैसेंजर को निस्त कर दिया गया। इस बीच अमरोहा रेलवे स्टेशन पर यात्री इन ट्रेनों का इंतजार करते रहे। ट्रेनों की स्थिति से दिन भर रेलवे स्टेशन पर यात्री परेशान रहे। मिनट-मिनट पर पूछताछ केंद्र पर जाकर ट्रेनों की जानकारी लेते रहे। ट्रेनों के निरस्त और रूट परिवर्तन होने की जानकारी लगने पर यात्री मायूस होकर प्राइवेट सवारियों से अपने गंतव्य की ओर रवाना हुए।