अमरोहा। बाइक सवार छात्र को अज्ञात वाहन ने कुचल दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। हादसा जोया ओवर ब्रिज पर हुआ। खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिजन बगैर कार्रवाई के शव को घर ले गए। छात्र गर्मी की छुट्टियों में घर आया था।
नगर कोतवाली क्षेत्र के मुहल्ला कल्याणपुरा निवासी गुड्ड काटन वेस्ट कारोबारी हैं। उनका बड़ा बेटा मोहम्मद एबाद (17) देहरादून के नवोदय विद्यालय में कक्षा सात का छात्र था। गर्मी की छुट्टियों में वह घर आया हुआ था। परिजनों के मुताबिक वह गुरुवार की दोपहर करीब तीन बजे घर से पिता के लिए खाना लेकर बंबूगढ़ स्थित अपने पानी के प्लांट पर जा रहा था। जैसे ही वह जोया ओवरब्रिज पर पहुंचा तभी अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। जिससे के बाद सड़क पर गिरकर लहूलुहान हो गया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पहचान करने के बाद उसके परिजनों को घटना की जानकारी दी। मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। चीखते-चिल्लाते परिजन घटना स्थल पर पहुंच गए। परिजनों ने पुलिस कार्रवाई करने को इंकार कर दिया और शव को घर ले आए।