ब्रजघाट में स्नान के चलते एनएच-24 पर सुबह में कई घंटे रही जाम की स्थिति, काफी धीमी रफ्तार में चले वाहन
अमर उजाला ब्यूरो
गजरौला।
शनैश्चरी अमावस्या पर ब्रजघाट गंगा में स्नान के लिए श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ा। हाईवे पर जाम की आशंका देखते हुए प्रशासन ने शुक्रवार रात से ही जगह-जगह पुलिस बल तैनात कर दिया था। ब्रजघाट हाईवे पर सुबह सात बजे से बारह बजे के बीच वाहन रेंग-रेंगकर चलते रहे। कई बार जाम जैसे हालत बने। लेकिन पुलिस कर्मियों ने डंडा फटकार कर वाहनों को आगे बढ़ाया। उधर, गजरौला चौपला पर निर्माणाधीन फ्लाईओवर व ब्रजघाट की ओर से आ रहे अधिक ट्रैफिक की वजह से दिन में कई बार जाम लगा। इससे यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।
दस साल बाद आई शनैश्चरी अमावस्या के पावन पर्व पर ब्रजघाट गंगा में स्नान को श्रद्धालुओं की भीड़ शुक्रवार शाम से ही ब्रजघाट व तिगरी के लिए उमड़नी शुरू हो गई थी। सुबह छह बजे ब्रजघाट पुुल पर वाहनों का जमावड़ा लगने से वाहनों ने रेंगना शुरू कर दिया। जाम से निजात के लिए यूं तो शुक्रवार शाम से ही प्रशासन ने हाईवे के कटों को बंद करा दिया था और ऐसे स्थानों पर जहां जाम के हालात अक्सर पैदा हो जाते हैं। वहां जगह-जगह पुलिस बल तैनात कर दिया था। शनैश्वरी अमावस्या का महत्व अधिक होने से ब्रजघाट में स्नान के लिए भीड़ अधिक पहुंची। इससे हाईवे पर वाहनों की तादात में इजाफा होना शुरू हो गया। शनिवार सुबह से ही ब्रजघाट पुल पर श्रद्धालुओं की भीड़ जमा होने लगी। श्रद्धालु ब्रजघाट पुल पर ही बसें रुकवाकर उतरते व चढ़ते हैं। इससे पुल पर वाहनों का जमावड़ा लगने से कई बार जाम जैसे हालात बन गए। सुबह छह बजे से दोपहर बारह बजे तक ब्रजघाट हाईवे पर वाहन रेंग-रेंगकर चलते रहे। हालांकि ब्रजाघाट हाईवे पर कई बार जाम जैसी स्थिति पैदा हुई। लेकिन पुलिस कर्मियों ने लाठियां फटकार कर वाहनों को आगे बढ़ाया। ब्रजघाट की ओर से ट्रैफिक अधिक आने की वजह से और गजरौला चौपला पर निर्माणाधीन फ्लाईओवर की वजह से चौपला पर भी वाहनों का जमावड़ा लग गया। इससे दिन में कई बार जाम लग गया। इससे यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।