गजरौला। पितृ विसर्जन अमावस्या पर तिगरी गंगा में स्नान कर लौट रहे श्रद्धालुओं का जुगाड़ वाहन पलटने से 15 श्रद्धालु घायल हो गए। हादसे के बाद लोग इकट्ठा हो गए। घायलों को चार एंबुलेंस से सीएचसी व जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
सैदनगली थाना क्षेत्र के गांव दमगढ़ी निवासी श्रद्धालु पितृ विसर्जन अमावस्या पर जुगाड़ वाहन में सवार होकर तिगरी में गंगा स्नान करने जा रहे थे। वह मोहरका पट्टी वाले मार्ग पर पहुंचे थे। अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। जिससे उसमें सवार कैलाशो देवी, लेखराज, शीला देवी, महावीर सिंह, चरन सिंह, लक्ष्मी देवी, सावित्री देवी, भीमसेन समेत 15 श्रद्धालु घायल हो गए। सूचना पर चार सरकारी एंबुलेंस मौके पर पहुंचीं। घायलों को सीएचसी व जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। सरकारी एंबुलेंस के जिला कार्यक्रम अधिकारी अमित चौहान ने बताया कि हादसे में 15 श्रद्धालु घायल होने का मामला सामने आया था। किसी को गंभीर चोट नहीं है। सभी को उपचार के बाद घर भेज दिया गया।