मंडी धनौरा। घरेलू विवाद में दंपती ने आत्महत्या कर ली। करीब 15 दिन पहले विवाहिता के आत्मघाती कदम उठाने के बाद सोमवार रात पति ने भी फंदा लगाकर अपनी जान दे दी। परिजनों ने बगैर पुलिस कार्रवाई के शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक का विवाह गजरौला क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती से करीब आठ माह पहले हुआ था। शादी के कुछ समय बाद ही दोनों में आपस में विवाद होने लगा। परिजनों ने दोनों को समझाकर विवाद शांत करा दिया था लेकिन कुछ समय बाद फिर से विवाद होने लगा। विवाद के चलते युवती करीब एक माह पहले अपने मायके चली गई थी और 15 दिन पहले युवती ने मायके में ही फंदा लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली थी।
बिचौलिए व रिश्तेदारों ने पंचायत कर दो लाख रुपये में समझौता करा दिया था। युवक के परिजनों को पांच अक्तूबर को समझौते में तय हुए दो लाख रुपये देने थे। बेहद गरीब परिवार का युवक व उसके परिजन रुपयों की व्यवस्था में लगे हुए थे। सोमवार को युवक अपनी बुआ के यहां चला गया। वहां उसने रात में किसी समय फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। सुबह को कमरे में उसका शव फंदे पर झूलता मिलने पर बुआ की चीख निकल गई। सूचना मिलने पर रोते बिलखते पहुंचे परिजन उसके शव को बगैर पुलिस कार्रवाई के सीधे गंगा तट पर ले गए। प्रभारी निरीक्षक बालेंद्र कुमार ने ऐसी किसी घटना की जानकारी से इन्कार किया है।