अमरोहा। साइबर अपराधी तरह-तरह के हथकंडे अपना कर लोगों को ठगी का शिकार बना रहे हैं। अब साइबर ठगों ने युवक से 1.40 लाख रुपये हड़प लिए। पुलिस कार्रवाई से बचने के लिए पीड़ित ने रुपये साइबर ठगों के खाते में ट्रांसफर कर दिए। धोखाधड़ी का पता चलने पर पीड़ित ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
14 अक्तूबर को हसनपुर के पीड़ित युवक के मोबाइल पर अननोन नंबर से कॉल आई और धमका कर बोला कि मैं लखनऊ सरकारी कार्यालय से बोल रहा हूं.. तुमने अश्लील फिल्म देखी है... तुम लड़कियों के गलत संदेश देखते हो और तुम्हारा मोबाइल डाटा सरकारी साइट पर अपडेट है। तुम्हारी सारी करतूत सरकारी महकमे को पता है। तुम्हारे खिलाफ बहुत गंभीर अपराध साबित हो रहा है। जिसे तुम्हें दस साल की सजा हो सकती है। यह अल्फाज सुनने के बाद वह घबरा गए। साइबर ठग ने कहा कि हम तुम्हारे इस अपराध का समाधान कर देंगे। लेकिन हमारी बात किसी को बताना मत। इसके बाद साइबर ठगों पीड़ित युवक से 140500 रुपये अपने खातों में ट्रांसफर कर लिए। इसके बाद पीड़ित युवक ने पूरी बात अपने दोस्तों को बताई। बाद में उनको साइबर ठगी का एहसास हुआ तो उन्होंने मामले की शिकायत हसनपुर कोतवाली पुलिस से की लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। इसके बाद उन्होंने अमरोहा साइबर थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। इंस्पेक्टर जितेंद्र बालियान ने बताया कि मामले में अज्ञात के खिलाफ धोखाधड़ी और आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। मामले की जांच की जा रही है।