संवाद न्यूज एजेंसी
अमरोहा। स्टेडियम में खेल सुविधाएं लगातार बढ़ाने के प्रयास किए जा रहे हैं। स्टेडियम में बहुउद्देश्यीय हॉल का निर्माण जहां अंतिम चरण में हैं, वहीं अब लॉन टेनिस का ग्राउंड भी तैयार कराया जाएगा। जिससे टेनिस के शौकीन खिलाड़ियों को भी अब यहीं पर सुविधाएं मुहैयाएं हो सकेंगी।
तत्कालीन खेल मंत्री और नौगांवा सादात से विधायक रहे चेतन चौहान के प्रयास से जिले को स्पोर्ट्स स्टेडियम की सौगात मिली थी। 53 बीघा जमीन में 10.69 करोड़ रुपये की लागत से इसका निर्माण हुआ था।
इसके बाद धीरे-धीरे स्टेडियम के विस्तार को गति भी मिली लेकिन खिलाड़ियों को पूरी सुविधाएं नहीं मिल पा रही थी। लेकिन धीरे-धीरे कर स्टेडियम में सुविधाओं को बढ़ाया जा रहा है।
इनडोर खेलों के लिए जहां बहुउद्देश्यीय हॉल का निर्माण कराया जा रहा है, वहीं अब लॉन टेनिस के लिए भी ग्राउंड तैयार किया जाएगा। 7200 वर्गमीटर में तैयार होने वाले इस ग्राउंड में करीब 19.22 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।
जिला क्रीड़ा अधिकारी देशकांत त्यागी ने बताया की ग्राउंड के निर्माण की मंजूरी मिल गई है। कार्यदायी संस्था पीडब्ल्यूडी को इसके निर्माण का जिम्मा दिया गया है। जल्द ही इसके निर्माण की कवायद शुरू की जाएगी।