गजरौला। दो दिवसीय सरकारी बैंको की हड़ताल के पहले ही दिन औद्योगिक नगरी में करोड़ों रुपये का लेनदेन प्रभावित रहा है। चूूंकि शहरी और ग्रामीण इलाके की सभी सरकारी बैंक शाखाएं बंद रही। ऐसे में रकम जमा करने और निकालने वाले ग्राहकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
बुधवार को अखिल भारतीय बैंक कर्मचारी संघ के नेतृत्व में वेतन वृद्धि की मांग को लेकर सरकारी बैंकों की दो दिवसीय हड़ताल के पहले दिन नगर के एसबीआई मुख्य शाखा व खादगूजर तिराहा शाखा समेत पंजाब नैशनल बैंक, सिंडिकेट बैंक, केनरा बैंक, कारपोरेशन बैंक, पंजाब एंड सिंध बैंक आदि पर ताला जड़ा रहा। जिन ग्राहकों को बैंक हड़ताल के बारे में जानकारी नहीं थी। उन्हें यहां से मायूस ही अपने घर लौटना पड़ा और लेनदेन से वंचित रहे। खास बात है कि सरकारी बैंकों के एटीएम भी लगभग बंद ही रहे। इसके चलते ग्राहकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। बताया गया है कि सरकार ने बैंक कर्मियों की मांगे नहीं मानीं तो गुरुवार 31 मई को भी सरकारी बैंकों पर ताले लटके रहेंगे। बुधवार को पहले दिन की हड़ताल के कारण करोड़ों रुपए का लेनदेन प्रभावित हुआ।