कोरोना महामारी का खतरा कम होते ही लोग टीकाकरण से फिर दूर भागने लगे हैं। कई बूथों पर वैक्सीन की वॉयल तक नहीं खुल पा रही हैं। जनवरी में जिले को आवंटित हुई वैक्सीन 9 फरवरी को एक्सपायर हो रही है, ऐसे में 1240 डोज बेकार होने का खतरा है। ये स्थिति तब है जब 12 से 17 साल और 18 साल से अधिक उम्र वाले 6.61 लाख लोग तीसरे टीके से वंचित हैं।
चीन समेत कई देशों में कोरोना के बेकाबू होने पर लोगों में दहशत बढ़ गई थी। बूथों पर वैक्सीन नहीं होने के कारण लोग अफसरों के कार्यालयों तक पहुंचने लगे थे। इस खतरे को देखते हुए 20 जनवरी को जिले में 12500 कोविशील्ड वैक्सीन भेजी गई थी। शुरूआत में दो दिन ही बूथों पर कुछ भीड़ रही, इन दिनों बूथ खाली पड़े हुए हैं। आलम ये है कि अधिकांश बूथों पर अब वॉयल तक नहीं खुल पा रही हैं। स्वास्थ्स विभाग के अधिकारियों ने 10 दिन में 11260 हजार लोगों को टीका लगने का दावा किया है। जबकि अभी तीसरी डोज से करीब साढ़े छह लाख लोग वंचित चल रहे हैं। कोल्डचैन में अभी करीब वैक्सीन की 1240 डोज बचे हैं, जिनकी एक्सपायरी अब नजदीक है। वॉयल पर एक्सपायरी डेट 9 फरवरी अंकित है। अब स्वास्थ्य विभाग की टीमें गांव, मोहल्लों में जाकर लोगों को जागरूरक कर रहे हैं। जिससे अधिक से अधिक लोगों को टीका लग सके और वैक्सीन खराब न हो पाए।
जिले को 12500 डोज मिली थी। अधिक से अधिक लोगों को टीका लगाने का प्रयास किया जा रहा है। इसके लिए सभी सरकारी अस्पतालों के अलावा गांव में भी टीकाकरण चल रहा है। कोविशील्ड वैक्सीन 9 फरवरी को एक्सपायर हो रही है। अगर लोग टीका लगवाने नहीं पहुंचे तो वैक्सीन की 1240 डोज खराब हो जाएंगी। पहले तो वैक्सीन मिलना मुश्किल हो रही थी। इसलिए लोगों को टीका लगवाना चाहिए। वैक्सीन खराब नहीं होनी चाहिए।-डॉ राजकुमार जिला प्रतिरक्षण अधिकारी
दो हजार डोज और मिलीं
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ राजकुमार ने बताया कि कोविशील्ड वैक्सीन की 2 हजार डोज और मिल गइ हैं। जल्द ही ऑफिस पहुंच जाएंगी। दूसरी बाद मिलने वाली वैक्सीन पर एक्सपायरी तिथि क्या है, ये अभी पता नहीं हैं। वैक्सीन के आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। ऐसा न हो कहीं ये वैक्सीन में नौ फरवरी को एक्सपायर होने वाली न हो। अगर ऐसा हुआ तो बड़ी दिक्कत होगी।