सैदनगली। नगर पंचायत के द्वारा कराए जा रहे निर्माण कार्य में बाधा उत्पन्न करने के मामले में दो लोगों को नामजद करते हुए 12 के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
नगर पंचायत के ईओ सलिल भारद्वाज ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि नगर पंचायत द्वारा वार्ड संख्या एक मेहंदीपुर में जनहित के लिए महत्वपूर्ण विकास कार्यों का निर्माण कराया जा रहा है। वहां आंबेडकर पार्क, बरात घर एवं लाइब्रेरी का निर्माण कार्य चल रहा है। लेकिन कुछ लोगों के द्वारा निर्माणाधीन कार्यों में निरंतर बाधा उत्पन्न की जा रही है।
इन व्यक्तियों द्वारा कार्यस्थल पर आकर निर्माण कार्य को जबरन रुकवाया जा रहा है, निर्माण सामग्री के साथ छेडछाड़ की जा रही है और वहां मौजूद सरकारी कर्मचारियों व श्रमिकों को डराया धमकाया जा रहा है। इन व्यक्तियों के इस कृत्य के कारण शासन द्वारा जनहित में कराए जा रहे महत्वपूर्ण विकास कार्य बाधित हो रहे हैं और सरकारी धन व समय की हानि हो रही है। थानाध्यक्ष विकास सहरावत ने बताया कि ईओ की तहरीर पर रविंद्र सिंह, मोहित भाटी एवं दस अज्ञात लोगों पर सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न करने के मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई है। संवाद