अमरोहा। अप्रैल के पहले हफ्ते में पारा 34 के पार पहुंच चुुका है। इस चढ़ते पारे के बीच मोदी की रैली के बाद जिले में सियासी गर्मी बढ़ गई है। आने वाले दस दिनों तक मतदाता इस सियासी तपिश को महसूस करेंगे। दस दिनों में अखिलेश यादव, मायावती, योगी आदित्यनाथ, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी की रैली होना संभावित है।
पांच अप्रैल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाईवे स्थित जलालपुरी कलां में भाजपा की विजय संकल्प रैली को संबोधित किया था। मोदी की इस रैली के बाद सियासी पारा चढ़ गया। चुनाव प्रचार में तेजी आ गई। दूसरे दलों ने मोदी की रैली की काट के लिए बड़े नेताओं की जनसभा कराने में जुट गए। जिले में 11 अप्रैल को अखिलेश यादव की जनसभा प्रस्तावित है। इसके अलावा 15 अप्रैल को बसपा सुप्रीमो मायावती की रैली संभावित है। इसके अलावा अजित सिंह और जयंती चौधरी की भी सभाएं होने की संभावना है। वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दूसरी बार जिले में चुनाव प्रचार करने आ सकते हैं। दूसरी कांग्रेस प्रत्याशी के लिए राहुल गांधी और प्रियंका गांधी समेत पार्टी दूसरे नेताओं की जनसभाएं हो सकती हैं। ऐसे आने वाले दस दिनों में सियासी पारा अपने चरम पर पहुंच जाएगा।