नेशनल हाईवे पर कांकाठेर के पास हुआ हादसा, मासूम समेत चार लोग बैठे थे बाइक पर
अमर उजाला ब्यूरो
गजरौला।
राष्ट्रीय राजमार्ग पर कांकाठेर के पास दिल्ली की ओर जा रही बाइक को बोलेरो ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि बाइक सवार महिला समेत मासूम घायल हो गया। इस दौरान वहां से गुजर रहे अमरोहा सांसद ने घायलों को एम्बुलेंस में बैठाया और सीएचसी भिजवाया। यहां से प्राथमिक उपचार के बाद महिला व मासूम को मेरठ रेफर कर दिया गया। रात करीब आठ बजे महिला ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। मौत से परिजनों में कोहराम मचा है।
थाना क्षेत्र के गांव कर्मल्लीपुर निवासी सलमुद्दीन(26) पुत्र कमरूद्दीन और जावेद(25) पुत्र शमसाद गुरूग्राम में स्टील बैल्डिंग का काम करते थे। रविवार दोपहर को वह दोनों बाइक पर सवार होकर गुरूग्राम जा रहे थे। बताया जाता है कि गजरौला पहुंचने के दौरान ही उन्हें गांव निवासी ताहिर की पत्नी रेशमा(34) व उसका मासूम बेटा साजिद भी मिल गए। वह दोनों भी गाजियाबाद की ओर जा रहे थे इसलिए बाइक पर बैठ गए। मासूम समेत चार लोगों को लेकर दिल्ली की ओर बढ़ी बाइक जैसे ही हाईवे पर कांकाठेर के पास पहुंची तो सामने से आ रही बोलेरों से जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार सलमुद्दीन व जावेद की मौके पर ही मौत हो गई। इस दौरान बोलेरो सड़क पर छोड़ चालक फरार हो गया। जबकि वहां से सांसद कंवर सिंह तंवर का काफिला गुजर रहा था। सांसद ने काफिला रूकवार कर हादसे में घायल व मृतकों को एम्बुलेंस से सीएचसी भिजवाया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद घायल साजिद व उसकी मां रेशमा को मेरठ रेफर कर दिया गया। बताया जाता है कि रात करीब आठ बजे उपचार के दौरान रेशम ने भी दम तोड़ दिया। मौत से परिजनों में कोहराम मचा है।
बाइक पर तो होते, तो शायद बच जाती जान
गजरौला। मासूम समेत चार लोग बैठकर गाजियाबाद की ओर जा रहे थे और अचानक हादसे का शिकार हो गए। प्रत्यक्ष दर्शियों की बात पर यकीन किया जाए तो बाइक सवार किसी ने हेलमेट भी नहीं लगाया था और बाइक ओवलोडेड थी। जैसे ही बोलेरो बाइक के सामने आई तो बाइक चालक बाइक को संभाल नहीं पाया। यदि दो व्यक्ति ही बाइक पर होते तो वह बाइक को बोलेरों के सामने से हटा सकता था।