अमरोहा। जिला अस्पताल में स्वाइन फ्लू के पांच आशंकित मरीजों की जांच की गई। जिनकी रिपोर्ट निगेटिव आई। हालांकि इनको घर पर ही आराम करने की सलाह दी गई। पिछले दिनों से बदलते मौसम के बीच बुखार, खांसी, गले में खराश, नजला और जुकाम के मरीज लगातार पहुंच रहे हैं। ओपीडी में 1124 मरीजों पहुंचे।
शुक्रवार को ओपीडी में सुबह से ही मरीज पहुंचने शुरू हो गए। जिसमें 501 महिला, 455 पुरुष और 168 बच्चों के पर्चे बनाए गए। जिनमें 40 मरीज बुखार, खांसी और जुकाम से पीड़ित मिले। चिकित्सकों के मुताबिक बुखार वाले मरीजों की डेंगू, मलेरिया और टाइफाइड की जांच कराई गई। जिसमें सभी की रिपोर्ट निगेटिव पाई गई, जबकि अन्य मरीजों को दवाई देकर घर भेज दिया गया। चिकित्सकों ने तेज बुखार, पेट दर्द, सीने में दर्द और सांस के गंभीर सात मरीजों को भर्ती कराया। अस्पताल में 110 एक्सरे, 95 सीटी स्कैन कराए गए।
जिला अस्पताल के वार्ड में भर्ती सभी तरह के 20 मरीजों का उपचार किया जा रहा है। सीएमएस डॉ. एके भंडारी ने बताया कि मौसमी बीमारियों के साथ मरीजों की संख्या बढ़ रही है। गंभीर मरीजों को भर्ती कराया जा रहा है। वार्ड में भर्ती मरीजों को उचित उपचार दिया जा रहा है। स्वाइन फ्लू के पांच आशंकित मरीजों की जांच भी कराई गई। जिनकी रिपोर्ट निगेटिव रही।