हाईवे चौपला पर तीन घंटे जाम, दिनभर रेंगते रहे वाहन
साप्ताहिक बाजार से टैफिक डायवर्ट होने व भाद्रपद पूर्णिमा पर वाहनों की आमद बढ़ने से हाईवे चौपला पर लगा जाम
अमर उजाला ब्यूरो
गजरौला।
नगर के हाईवे चौपला चौराहा पर निर्माणाधीन फ्लाईओवर की वजह से सड़क संकरी होने और आड़े-तिरछे वाहन निकालने से बुधवार सुबह हालात बिगड़ गए। स्टेशन चौराहा पर साप्ताहिक बाजार की वजह से बिजनौर स्टेट हाईवे का ट्रैफिक डायवर्ट होने व भाद्रपद पूर्णिमा की वजह से हाईवे पर वाहनों की संख्या बढ़ने की वजह से ट्रैफिक चौपला से गुजरा तो जाम के हालात बन गए, तीन घंटे तक जाम लगा रहा। दिनभर वाहन रेंग-रेगकर चलते रहे। दूर-दूर तक वाहनों की लाइन लगी रही। इससे यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। जाम की स्थिति से निपटने के लिए पुलिसकर्मी पसीना बहाते नजर आए।
गजरौला में चौपला हाईवे पर बने फ्लाईओवर को फोरलेन बनाने के लिए करीब कई माह से फ्लाईओवर का निर्माण कार्य चल रहा है। इससे चौपला पर दिल्ली की ओर से आने वाले वाहनों को गुजरने में काफी दिक्कत होती है। यहां से बिजनौर, हरिद्वार व गजरौला नगर में आने के लिए मुख्य मार्ग जाता है। लेकिन बुधवार को नगर के स्टेशन चौराहा पर आयोजित साप्ताहिक बाजार की वजह से बिजनौर स्टेट हाईवे की ओर से मुरादाबाद को जाने वाले वाहन भानपुर फाटक की ओर जाने की बजाय चौपला से गुजरे। जिससे चौपला पर वाहनों का जमावड़ा। इसके अलावा भाद्रपद पूर्णिमा पर ब्रजघाट गंगा में स्नान को जाने व वहां से लौटने वाले वाहनों की वजह से हाईवे पर वाहनों की संख्या ज्यादा हो गई। दिल्ली की ओर से आने वाले वाहनों के पहिए चौपला पर थम गए। इससे जाम के हालात बन गए। दोपहर बारह बजे से लेकर तीन बजे तक जाम के हालात बने रहे। इसके अलावा शाम तक वाहन रेंग-रेंगकर चलते रहे। इससे यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। जाम की स्थिति से निपटने के लिए चौपला पुलिस धूप में पसीना बहाती नजर आई।
फोटो भी है।