कौशल की समाजसेवा के जज्बे को सलाम!
57 की उम्र में 37 वीं बार रक्तदान
अमरोहा। किसी के जीवन को बचाने का जज्बा देखना हो तो जोया चले आइए। रक्त की कमी से किसी का जीवन संकट में न पड़े इसके लिए जोया के रहने वाले महादानी कौशल हमेशा तैयार दिखेंगे। हाल यह है कि, अमर उजाला की ओर से शिविर लगा तो 57 वर्षीय कौशल गुप्ता रक्तदान के लिए फिर पहुंच गए। इस तरह 57 की उम्र में 37वीं बार रक्तदान किया।
जोया के रहने वाले 57 वर्षीय कौशल गुप्ता समाज सेवा से जुड़े हैं। पिछले कई वर्षों से रक्तदान कर रहे हैं। बुधवार को अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से आयोजित हुए रक्तदान शिविर में उन्होंने 37 वीं बार रक्तदान किया। उनका कहना है रक्तदान करने से कोई कमजोरी नहीं आती है। हम सभी को रक्तदान करना चाहिए। हमारे रक्त से कई लोगों की जान बच सकती है। उनके 37 वीं बार रक्तदान करने पर डीएम और एसपी ने उन्हे बधाई दी। उनकी की सराहना की। जिले में इस तरह के और भी महादानी हैं। रोटरी क्लब के अध्यक्ष विशाल गोयल ने भी नौवीं बार रक्तदान किया। भाजपा नगर अध्यक्ष राकेश वर्मा भी कई बार रक्तदान कर चुके हैं। वहीं चकबंदी विभाग में कनिष्ठ सहायक के पद पर कार्यरत राजीव गुप्ता भी रक्तदान में आगे रहते हैं।