हरिद्वार के लिए गजरौला से मिलेगी कांवड़ मेला स्पेशल ट्रेन
अमर उजाला ब्यूरो
गजरौला। सावन माह में हरिद्वार से कांवड़ लाने का मन बना रहे शिवभक्तों के लिए खुशी की खबर है। कांवड़ियों की सुविधा व सुरक्षा को देखते हुए हरिद्वार के लिए ट्रेन चलाई गई है। यह ट्रेन पुरानी दिल्ली से चलकर बाया गजरौला होते हुए हरिद्वार पहुंचेगी। ट्रेन शनिवार रात सवा 11 बजे गजरौला पहुंचेगी। ट्रेन में शिवभक्तों की सुरक्षा के लिए आरपीएफ से सिपाही तैनात रहेंगे।
सावन माह में कांवड़ यात्रा के दौरान हरिद्वार जाने के लिए हर बार शिवभक्तों को वाहनों के अभाव में परेशानियों का सामना करना पड़ता था। इसी को देखते हुए इस बार कांवड़ियों के लिए हरिद्वार जाने के को स्पेशल ट्रेन चलाई गई है। ट्रेन नंबर 04059 दिल्ली-हरिद्वार कांवड़ मेला स्पेशल ट्रेन पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन से रात 08.10 बजे चलेगी। यह ट्रेन गजरौला रात करीब सवा 11 बजे पहुंचेगी। यहां पंद्रह मिनट का रूकने के बाद हरिद्वार के लिए रवाना होगी। कांवड़ियों को लेकर चली यह ट्रेन सुबह पांच बजकर पंद्रह मिनट पर हरिद्वार रेलवे स्टेशन पर पहुुंच जाएगी। इतना ही नहीं कांवड़ियों की सुरक्षा के लिए ट्रेन की हर बोगी में आरपीएफ के सिपाही तैनात रहेंगे।