अवैध रूप से खरीदा गया 100 क्विंटल गेहूं से भरा ट्रक पुलिस ने पकड़ लिया। पूर्ति निरीक्षक ने जांच की तो कारोबारी गेहूं खरीद से संबंधित कोई दस्तावेज नहीं दिखा सका। गेहूं को अतरासी की राशन डीलर के सुपुर्दगी में दिया गया है। वहीं, कारोबारी के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई है।
रजबपुर पुलिस ने बृहस्पतिवार को राशन का गेहूं होने के शक में एक ट्रक पकड़ा था। जानकारी पर पूर्ति निरीक्षक शौदान सिंह ने सहयोगी संजय मिश्रा व राजवीर सिंह के साथ जांच पड़ताल की। ट्रक चालक ने अपना नाम मेहताब निवासी अतरासी कलां बताया। जांच में सामने आया कि ट्रक में लदे 200 बोरो में 100 क्विंटल गेहूं है। जिसे गजरौला मिल में बेचने ले जाया जा रहा था। साथ ही सामने आया कि महताब द्वारा गेहूं की अवैध रूप से खरीद फरोख्त की जाती है।
उसके पास गेहूं खरीदने से संबंधित कोई दस्तावेज नहीं मिले। जिसके बाद पूर्ति निरीक्षक ने गेहूं को कब्जे में लेकर अतरासी की कोटेदार कहकशा की सुपुर्दगी में दे दिया। पूर्ति निरीक्षक शौदान सिंह ने बताया कि महताब ने खाद्यान्न की कालाबाजारी और अवैध खरीद-फरोख्त कर उत्तर प्रदेश आवश्यक वस्तु अधिनियम का उल्लंघन किया है। सीओ सिटी अरुण कुमार ने बताया कि मामले में पूर्ति निरीक्षक की तहरीर पर महताब के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।