अमरोहा। परिवहन निगम की टिकट बुकिंग वेबसाइट हैक होने के बाद अमरोहा में रोडवेज बस सेवा पूरी तरह ध्वस्त हो गई है। मैनुअल टिकट के झंझट से बचने को लेकर रोडवेज बसों के दस से अधिक परिचालक ड्यूटी छोड़कर नदारद हो गए। जिस कारण कई बस डिपो में खड़ी हो गई है। ऐसे में यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
परिवहन निगम की टिकट बुकिंग बेवसाइट हैक होने से ई-टिकटिंग व्यवस्था ध्वस्त हो गई। रोडवेज का ईटीएम (इलेक्ट्रॉनिक टिकट मशीन) का सर्वर मंगलवार को ठप रहा। इस वजह से बस परिचालकों को मैनुअल टिकट बनाने पड़े। इसके कारण बसें भी देर से चलीं। यात्रियों की संख्या भी कम नजर आई। ई-मशीनों को कार्यशाला में जमा करा लिया गया। ई-टिकट नहीं मिलने से यात्रियों की परेशानी भी बढ़ गई है। उधर, मैनुअल टिकट पर किराया कम दर्ज होने और परिचालक के अधिक मांगने पर विवाद की स्थिति बन रही है। कहासुनी हो रही है।
एआरएम मोहम्मद शफी ने बताया कि मैनुअल टिकट बनाने में परिचालकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। यात्री परिचालक से झगड़ते हैं। कुछ अवैध वसूली का आरोप लगाते है तो कुछ बस में बैठते ही टिकट काटने का विरोध करते हैं। मैनुअल टिकट काटने में समय लगता है इसलिए परिचालक जल्दी टिकट बनाते हैं। जिससे वह सचल दल द्वारा चेकिंग में न पकड़े जाएं। दिक्कतों को देखते हुए डिपो के 10 से अधिक परिचालक ड्यूटी से नदारद हो गए हैं। सभी को नोटिस दिए गए हैं अगर स्पष्टीकरण के साथ वह ड्यूटी पर नहीं लौटते तो उनकी सेवा समाप्ति की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि रोजाना 8 से 10 बस खड़ी रह रही हैं। उधर डिपो पर मिले यात्रियों को समय से बस नहीं मिलने से दिक्कतों का सामना करना पड़ा रहा है।
प्रतिदिन एक लाख रुपये के राजस्व का नुकसान
एआरएम मोहम्मद शफी ने बताया कि का लक्ष्य प्रतिदिन 9.78 लाख रुपये का है। ऑनलाइन टिकट व्यवस्था ठप होने के बाद से प्रतिदिन एक लाख रुपये के राजस्व का नुकसान हो रहा है। व्यवस्था को बिगड़े करीब 6 दिन हो गए हैं। मुख्यालय के अधिकारियों के द्वारा जल्द व्यवस्था सुधरने की बात कही जा रही है।
सवारी कम होने की वजह से बसें लेट चल रही है। जिस कारण ड्यूटी पर समय पर नहीं पहुंच पाते। ऐसे में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।डिपो के अधिकारी परिचालक नहीं होने बात कहकर पल्ला झाड़ रहे हैं। -लईक अहमद, अमरोहा।
मैं मुरादाबाद से आया हूं और अमरोहा से नूरपुर जाना है। अमरोहा रोडवेज बस स्टैंड पर बस के इंतजार में करीब आधा घंटा से बैठा हूं। मुझे अभी तक कोई भी बस नही मिली है। इससे मेरा जो जरूरी काम है वो छूट जाएगा।- नितिन त्यागी, मुरादाबाद।
मुझे जरूरी काम से लखनऊ जाना है। करीब 50 मिनट से मैं अमरोहा रोडवेज बस स्टैंड पर बस के इंतजार में बैठा हूं। न जाने कितनी देर में बस मिलेगी। ज्यादा लेट हुआ तो मेरा बहुत ज्यादा नुकसान हो जाएगा।- अनस खान, अमरोहा।
मैं आज सुबह धामपुर से अमरोहा तार लेने के लिए जाना था। अमरोहा रोडवेज बस स्टैंड पर काफी समय से बैठा हूं। लेकिन मुझे नजीमाबाद के लिए बस नहीं मिल रही। जबकि रोडवेज कर्मचारी बता रहे हैं। जल्दी बस चलने वाली है।- एहसान अली, धामपुर