जगदीशपुर। कमरौली गांव निवासी राहुल वर्मा (30) का शव बुधवार सुबह घर के कमरे में संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका मिला। परिजन जब तक उसे नीचे उतारते, उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस शव को कब्जे में लेकर जांच कर रही है।
नंद कुमार के मुताबिक उनका भतीजा राहुल मंगलवार रात अपनी मां के साथ घर के बाहर सो रहा था। बुधवार सुबह वह उठकर कमरे के अंदर चला गया। काफी देर तक बाहर न आने पर मां रामावती ने उसे आवाज दी, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने शोर मचाया। आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और कमरे का दरवाजा खोलकर देखा तो राहुल रस्सी से बने फंदे से लटका था।
परिजन उसे नीचे उतारकर बचाने का प्रयास करने लगे, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। एसओ मुकेश पटेल ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की पुष्टि हो सकेगी।
फिलहाल परिजनों की तरफ से इस मामले में पुलिस को कोई प्राथमिकी नहीं दी गई है। बेटे राहुल की मौत के बाद मां रामावती का रो-रोकर बुरा हाल है। उनकी करुण पुकार सुनकर मौके पर मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं।