जगदीशपुर (अमेठी)। अलाव सेंकते समय दो युवकों में हुई कहासुनी के बीच एक युवक ने तमंचा निकाल दूसरे युवक पर फायर कर दिया। गोली उसके सीने में लगी। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस घायल को सीएचसी ले गई जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसेट्रॉमा सेेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।
स्थानीय थाना क्षेत्र के गांव गूंगेमऊ निवासी हरिश्चंद्र रैदास (25) गुरुवार को अपने दरवाजे पर अलाव सेंक रहा था। इस बीच वहां पर पड़ोसी सोनू उर्फ दनकी रैदास भी आ गया। किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी होने लगी। कहासुनी इतनी बढ़ गई कि सोनू ने तमंचा निकाल कर हरिश्चंद्र पर फायर कर दिया। गोली उसके सीने में लगी।
गोली लगते ही वह घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। गोली मारने के बाद सोनू वहां से भाग निकला। सूचना मिलते ही कोतवाल अरुण कुमार दुबे मौके पर पहुंचे और घायल को सीएचसी पहुंचाया। चिकित्सकों ने हरिश्चंद्र की हालत गंभीर देख उसे प्राथमिक उपचार के बाद ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया। मौजूद कोतवाल ने घायल को पुलिस अभिरक्षा में तत्काल लखनऊ रवाना कराया।
एसएचओ के अनुसार गोली हरिश्चंद्र के सीने पर लगी है। कहा कि अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। परिवार वाले व मौके पर मौजूद लोगों ने सोनू द्वारा गोली चलाए जाने की बात बताई है। सोनू की गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है। तहरीर मिलते ही केस दर्ज कर आरोपी पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। शांति व्यवस्था को देखते हुए गांव में पुलिस कर्मियों की तैनाती कर दी गई है।