बाजार शुकुल (अमेठी)। बाराबंकी जिले के सुबेहा थाना क्षेत्र के गोपी सराय गांव के पास एक अज्ञात युवक घायलावस्था में पड़ा मिला। ग्रामीणों की सूचना पर एंबुलेंस ने उसे सीएचसी बाजार शुकुल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
गोपी सराय गांव के निकट शनिवार सुबह चार बजे ग्रामीणों ने एक अज्ञात युवक को घायल अवस्था में पड़ा देखा। लोगों ने एंबुलेंस बुलाई। अमेठी के बाजार शुकुल इलाके से एंबुलेंस पहुंची। एंबुलेंस ने सीएचसी बाजार शुकुल पहुंचाया। चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
युवक की उम्र करीब 35 साल बताई जा रही है। उसने काले रंग की फुल टी-शर्ट, कई रंगों वाली हाफ पैंट पहनी थी। मोबाइल नहीं मिला। उसके चेहरे चोट के निशान थे। बायां पैर घुटने के बाद बुरी तरह छिला हुआ व गहरे घाव के साथ जख्मी था।
थानाध्यक्ष तनुज कुमार पाल ने बताया कि घटनास्थल बाराबंकी के सुबेहा जनपद का है, फिर भी सीएचसी की सूचना पर शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।
कार्रवाई में फंसा रहा पेंच
अज्ञात युवक बाराबंकी जिले में पड़ा मिला था, लेकिन उसे सीएचसी बाजार शुकुल लाया गया था। घटना स्थल के हिसाब से कार्रवाई बाराबंकी पुलिस को करनी चाहिए, लेकिन शव अस्पताल में होने से बाजार शुकुल पुलिस बुलाई गई। कई घंटे तक दोनों थानों के बीच रस्साकशी की चर्चा है। बाद में बाजार शुकुल पुलिस ने करीब छह घंटे बाद कार्रवाई शुरू की है। बाजार शुकुल सीएचसी पर तैनात चिकित्सक सुशील चंद्र शुक्ल ने कहा कि अज्ञात युवक को अस्पताल में मृत अवस्था में लाया गया था।