टिकरिया। दिसंबर की बढ़ती ठंड के बीच लखनऊ-प्रतापगढ़ रेलखंड पर ट्रेनों का संचालन प्रभावित हो रहा है। मंगलवार को गौरीगंज होकर गुजरने वाली कई प्रमुख ट्रेनें निर्धारित समय से काफी पीछे रहीं। वाराणसी-दिल्ली काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस निरस्त रहने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। प्रयागराज से चलकर ऋषिकेश पहुंचने वाली योगनगरी एक्सप्रेस आठ घंटे की देरी से गौरीगंज पहुंची। लगातार बिगड़ती समय सारिणी ने यात्रियों की मुश्किलें बढ़ा दीं।
वाराणसी से दिल्ली जाने वाले यात्रियों के लिए काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस का न चलना सबसे बड़ी बाधा बना। प्रयागराज-ऋषिकेश योगनगरी एक्सप्रेस मंगलवार को अपने निर्धारित समय सुबह 03:46 बजे के स्थान पर करीब आठ घंटे की देरी से दोपहर 12:16 बजे पहुंची। दिल्ली की यात्रा पर निकले रामराज, गयाप्रसाद और रामू प्रजापति ने कहा कि काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस से यात्रा करनी थी। पता चला कि ट्रेन निरस्त है। अब जनसाधारण एक्सप्रेस से यात्रा करेंगे। प्लेटफार्म पर इंतजार करते रहे हैं, ठंड में बैठना बेहद कठिन रहा।
गरिमा बच्चों के साथ लखनऊ जा रही थीं। उन्होंने कहा कि इंतजार बच्चों के लिए मुश्किल भरा रहा, क्योंकि ठंड तेज थी। इसके अतिरिक्त हावड़ा-अमृतसर पंजाब मेल भी अपने निर्धारित समय 12:12 बजे के स्थान पर पांच घंटे देर से 05:21 बजे पहुंची। स्टेशन अधीक्षक प्रवीण सिंह ने बताया कि तकनीकी समस्या के कारण ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहा है। यात्रियों को ट्रेनों के आगमन की जानकारी लगातार दी जा रही है, जिससे भ्रम की स्थिति न बने।