मुंशीगंज में आयोजित योग कार्यक्रम में योगाभ्यास करती छात्राएं। आयोजक।
अमेठी सिटी। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस साप्ताहिक कार्यक्रम के तहत राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय कौहार (योग वैलनेस सेंटर) के तत्वावधान में बृहस्पतिवार को मुंशीगंज स्थित इंदिरा गांधी कॉलेज परिसर में विशेष योग शिविर आयोजित हुआ।
शिविर में आयुष योग प्रशिक्षक राजेश कुमार दुबे ने विद्यार्थियों को ताड़ासन, तिर्यक ताड़ासन, वृक्षासन, अर्ध चक्रासन, त्रिकोणासन, पादहस्तासन व कपालभाति, अनुलोम-विलोम, भ्रामरी आदि प्राणायामों का अभ्यास कराया। प्रशिक्षक ने साथ ही एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य थीम के तहत ध्यान, आहार-विहार, दिनचर्या, घरेलू उपचार, नेचुरोपैथी और एक्यूप्रेशर से संबंधित जानकारी भी दी।
उन्होंने मानसिक और शारीरिक रूप से स्वस्थ रहने के सरल उपाय बताए। प्राचार्य डाॅ. रमेश एस ने कहा कि योग केवल शारीरिक कसरत नहीं, बल्कि मानसिक और आध्यात्मिक उन्नति का भी माध्यम है। यह हमें बीमारियों से बचाकर एक नई पीढ़ी को स्वस्थ भारत की दिशा में प्रेरित करता है। इस दौरान गोमती एम सहित अन्य लोग मौजूद रहे।