फुरसतगंज (अमेठी)। इंदिरा गांधी राष्ट्रीय उड़ान अकादमी परिसर से कॉमर्शियल उड़ान के लिए टर्मिनल स्थापित करने को लेकर काम शुरू हो गया है। शनिवार को इग्रुवा परिसर पहुंचे सचिव नागर विमानन मंत्रालय ने एयरपोर्ट टर्मिनल के लिए चिह्नित भूमि का निरीक्षा किया साथ ही अफसरों से इस विषय से जुड़ी अन्य जानकारी भी ली।
नागर विमानन मंत्रालय के सचिव व इग्रुवा की गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन राजीव बंसल और संयुक्त सचिव एवं राजीव गांधी विमानन विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार प्रमोद कुमार ठाकुर शनिवार को इंदिरा गांधी राष्ट्रीय उड़ान अकादमी पहुंचे। दोनों अफसरों ने इग्रुवा के निदेशक कृष्णेंदु गुप्ता के साथ उस भूखंड का निरीक्षण किया जिस पर 12.30 करोड़ रुपये की लागत से एयरपोर्ट टर्मिनल का निर्माण किया जाना है।
दोनों अफसरों ने इग्रुवा के तमाम कार्यालयों का निरीक्षण करने के बाद परिचालन विभाग, रनवे, ऑपरेशन सेंटर, जहाजों के रखरखाव की व्यवस्था के साथ कॉलोनी परिसर का भी मौका मुआयना किया। मेस में लंच की व्यवस्था देखने व लंच करने के बाद दोनों अफसरों ने परिसर में ही संचालित राजीव गांधी विमानन विश्वविद्यालय का भी निरीक्षण किया।
सचिव बनने के बाद पहली बार संस्थान आए बंसल का परिसर में स्वागत किया गया। इस दौरान सीजीआई संजय चक्रवर्ती, अकादमी के सुरक्षा अधिकारी संदीप पुरी, राम किशोर द्विवेदी, गोपा कुमार मौजूद रहे। दोनों अफसरों ने जीके चौकियाल से संस्थान के संबंध में जानकारी ली और जरूरी दिशा-निर्देश दिए।