मुसाफिरखाना (अमेठी)। रेलवे स्टेशन तिराहे के पास मंगलवार दोपहर पुलिस टीम ने तीन बैग में भरकर ले जाए जा रहे 80 कछुए बरामद किए। मौके से एक महिला को गिरफ्तार किया गया है जो जगदीशपुर के गांधीनगर थाना क्षेत्र की रहने वाली है।
कोतवाली पुलिस को सूचना मिली थी कि संदिग्ध महिला भारी संख्या में कछुओं की तस्करी करने जा रही है। टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर महिला की तलाशी ली तो उसके पास से तीन बैग में छिपाकर ले जाए जा रहे 80 कछुए बरामद हुए।
गिरफ्तार महिला की पहचान लालती निवासी गांधीनगर थाना जगदीशपुर के रूप में हुई है। कोतवाल विवेक कुमार सिंह ने बताया कि महिला के विरुद्ध वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है। बरामद कछुओं को नियमानुसार वन विभाग के सुपुर्द कर दिया गया है। वन क्षेत्राधिकारी ज्योतिर्मय शुक्ल ने बताया कि न्यायालय के आदेश के बाद कछुओं को सुरक्षित स्थान पर छोड़ा जाएगा। विभागीय प्रक्रिया जारी है।