संग्रामपुर। संग्रामपुर गांव निवासी शिवानी पाल को बंधक बनाकर बदमाशों ने दिनदहाड़े लाखों रुपये के आभूषण लूट लिए। पुलिस मामले को संदिग्ध बता रही है।
शिवानी ने बताया कि शुक्रवार सुबह उनकी मां मीरा देवी और भाई अमित रिश्तेदारी में तेरहवीं कार्यक्रम में शामिल होने परसौली गांव गए थे। घर पर वह अपने 10 माह के बेटे आर्यन के साथ अकेली थीं। आरोप है कि चार पहिया वाहन से आए पांच नकाबपोश युवक घर में घुस गए। इनमें से तीन युवकों ने शिवानी के मुंह में कपड़ा ठूंसकर उन्हें बंधक बना लिया और उनकी पिटाई की।
पीड़िता के अनुसार एक आरोपी बच्चे को लेकर घर से कुछ दूरी पर असलहे के साथ खड़ा रहा और शोर मचाने पर बच्चे की हत्या की धमकी देता रहा। आरोप है कि बदमाश घर में रखे करीब चार लाख रुपये के आभूषण लेकर चले गए। महिला और बच्चे के रोने की आवाज सुनकर पहुंचे पड़ोसियों ने शिवानी को मुक्त कराया।
इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पीड़िता ने आरोप लगाया कि थाने पहुंचने पर रिपोर्ट दर्ज करने के बजाय पुलिस ने उन्हें और परिवार के लोगों को घंटों बैठाए रखा। एसओ संजय सिंह ने बताया कि मामला प्रथमदृष्टया संदिग्ध लग रहा है। जांच की जा रही है। फिलहाल लूट की घटना की पुष्टि नहीं हुई है।