जगदीशपुर। लखनऊ-वाराणसी हाईवे पर रविवार शाम कमरौली के महुआ बोझ मजरे कठौरा गांव के पास अज्ञात वाहन की चपेट में आने से चंपा (48) की मौत हो गई। वह बकरियां लेकर घर लौट रही थीं। हादसे के बाद चालक वाहन समेत भाग निकला। परिजन शव लेकर घर चले गए और पोस्टमार्टम कराने से इन्कार कर दिया।
चंपा की बेटी लक्ष्मी के मुताबिक उनकी मां रविवार को बकरियां लेकर खेत की ओर गई थीं। शाम को लौटते समय वह हाईवे पार कर रही थीं, तभी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की चपेट में आ गईं। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। स्थानीय लोगों ने पुलिस और परिजनों को जानकारी दी। कमरौली एसओ मुकेश पटेल की मदद से उन्हें जगदीशपुर ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हाईवे पर तेज रफ्तार से आ रहा वाहन बकरियों को देखकर अनियंत्रित हो गया और महिला को चपेट में ले लिया।सीओ अतुल सिंह ने बताया कि परिजन पोस्टमार्टम कराने को तैयार नहीं हैं। मृतका के पति के आने के बाद तहरीर देने और आगे की कार्रवाई करने की बात कही गई है। हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से वाहन और चालक की पहचान का प्रयास किया जा रहा है।
मां के शव से लिपटकर बिलखती रहीं बेटियां
चंपा की मौत के बाद बेटियां लक्ष्मी, आइसक्रीम, अंजू और काजल का रो-रोकर बुरा हाल है। मां के शव से लिपटकर बेटियों को बिलखते देख वहां मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं। लक्ष्मी ने बताया कि मां की मौत की खबर मिलने पर पिता मुहर्रम अली घर लौट रहे हैं।