तिलोई। मोहनगंज स्थित मेडिकल कॉलेज में भर्ती महिला की बृहस्पतिवार सुबह मौत हो गई। परिजनों ने चिकित्सक और कर्मियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल परिसर में हंगामा किया। बाद में बिना शिकायत दिए शव को दफन कर दिया गया।
शिवरतनगंज के सेमरौता निवासी पीर मोहम्मद ने बताया कि उनकी पत्नी बदरुन्निसा किचन में हादसे के दौरान घायल हो गई थीं। उनके कूल्हे और कोहनी में फ्रैक्चर होने पर उन्हें मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था। कूल्हे का ऑपरेशन हो चुका था, जबकि कोहनी का ऑपरेशन होना बाकी था।
परिजनों का आरोप है कि बृहस्पतिवार सुबह हालत बिगड़ने पर बेटा जाकिर हुसैन स्टाफ नर्स को बुलाने गया, लेकिन समय पर इलाज नहीं मिला। आरोप है कि स्टाफ नर्स ने तीमारदारों से अभद्रता भी की। करीब एक घंटे बाद महिला की मौत हो गई। सूचना पर तमाम रिश्तेदार अस्पताल पहुंच गए और हंगामा शुरू कर दिया। परिजनों ने चिकित्सक व स्टाफ पर उपेक्षा का आरोप लगाया। घटना से जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
बदरुन्निसा का शव पैतृक गांव पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया। बेटे सिराज अहमद और जाकिर हुसैन का रो-रोकर बुरा हाल रहा।
हार्ट अटैक से मौत होने की आशंका
मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. योगेश कुमार ने बताया कि बृहस्पतिवार सुबह तक मरीज की स्थिति सामान्य थी। ऑपरेशन से पहले की दवा भी स्टाफ नर्स ने दी थी। उन्होंने हार्ट अटैक से मौत होने की आशंका जताई है।