बाजार शुकुल। काजीपुर गांव निवासी किसान रामविलास (50) का शव बुधवार रात घर से करीब 500 मीटर दूर बाग में आम के पेड़ से गमछे के सहारे लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी।
मृतक के बेटे रोहित ने बताया कि एक मई को बहन अंजलि की शादी हुई थी। बुधवार को परिवार बेटी के ससुराल में आयोजित कार्यक्रम से लौटने के बाद घर आया था। देर शाम रामविलास घर से बाहर निकले, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटे। तलाश करने पर देर रात उनका शव आम के बाग में पेड़ से लटका मिला।
थानाध्यक्ष विवेक वर्मा ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की वजह स्पष्ट होगी।
घटना के बाद पत्नी दयावती, बेटियों रेनू, कंचन, ममता, अंजलि, लक्ष्मी व क्रांति तथा बेटों रोहित, रवि व जग्गन का रो-रोकर बुरा हाल रहा।