जगदीशपुर (अमेठी)। मायके में रह रही पत्नी की पति ने पिटाई करते हुए छत से फेंक दिया। गंभीर हालत में महिला को ट्रॉमा सेंटर जगदीशपुर पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया।
बाजारशुकुल थाना क्षेत्र के पूरे लाला मजरे मंगरौली निवासी माधुरी देवी की शादी रस्तामऊ गांव निवासी हरिवंश के साथ 15 साल पहले हुई थी। कुछ दिनों बाद से ही माधुरी पति से अनबन होने के चलते मायके में आकर मां शांति के साथ रहने लगी। माधुरी की ओर से गुजारे भत्ता से जुड़ा वाद न्यायालय में विचाराधीन है।
आरोप है कि शनिवार को हरिवंश मंगरौली गांव पहुंचा और माधुरी की डंडे से पिटाई करने के बाद उसे छत से फेंक दिया। इसके बाद हरिवंश मौके से भाग निकला। गंभीर हालत में माधुरी को ग्रामीणों ने ट्रॉमा सेंटर जगदीशपुर पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत नाजुक देख डॉक्टरों ने ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया। मामले की सूचना के बाद पहुंचे एसओ दयाशंकर मिश्र ने पीड़िता का बयान दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी है। एसओ ने बताया कि अभी पीड़िता की ओर से तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने के बाद केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।