अमेठी। किसानों की सुविधा के लिए क्षेत्र से निकाली गई शारदा सहायक खंड 49 की नहर का जल स्तर घट जाने से माइनर व कुलाबे सूख गए हैं। इसके चलते किसान अपनी फसल को पानी देने के लिए परेशान है।
किसानों को खेतों की सिंचाई करने में कोई असुविधा नहीं हो इसके लिए 80 के दशक में क्षेत्र से शारदा सहायक खंड 49 की ओर से एक बड़ी नहर का निर्माण कराया गया था। नहर में एक पखवारा पहले विभाग की ओर से पानी भी छोड़ दिया गया था।
इससे खुश किसान नहर से निकलने वाले माइनर व कुलाबों के जरिए फसलों की सिंचाई करने में जुटे ही थे कि अचानक लहर का जलस्तर घट गया। जल स्तर घट जाने से नहर से निकाली गई नालियां एवं नहरें सूख गई हैं।
माइनर व कुलाबों में पानी नहीं होने से परेशान किसान गेहूं की सिंचाई करने के लिए पंपिंग सेट का सहारा ले रहे हैं। जिन किसानों को पंपिंग सेट से पानी नहीं मिल रहा उनकी चिंता इस बात को लेकर है कि समय पर सिंचाई नहीं होने से अच्छी पैदावार नहीं हो पाएगी।
हरिश्चंद्र त्रिपाठी, राजेंद्र पांडेय, माता प्रसाद, रामकृपाल समेत तमाम किसानों ने नहर का जल स्तर बढ़ाने की मांग की है। शारदा सहायक खंड 49 के अधिषाशी अभियंता बाबूलाल ने बताया कि नहर मे पानी ऊपर से नहीं छोड़ा जा रहा है। इसकी सूचना उच्चाधिकारियों को दी जा चुकी है।