अमेठी। जिला प्रशासन को रविवार सुबह मिली 1,430 सैंपलों की रिपोर्ट में नौ लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। डीएम ने संक्रमितों के संपर्क में आए लोगों की पहचान व सैंपलिंग का निर्देश दिया है।
अलग-अलग स्थानों से लिए गए एंटीजन, ट्रूनॉट व आरटीपीसीआर विधि के 1,430 सैंपल की रिपोर्ट रविवार सुबह जिला प्रशासन को मिली। रिपोर्ट में अमेठी ब्लॉक के रेभा बनकटवा गांव व गौरीगंज के चौक बाजार में तीन-तीन तो जगदीशपुर, सिंहपुर व मुसाफिरखाना ब्लॉक के एक-एक लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए।
रिपोर्ट मिलने के बाद डीएम अरुण कुमार ने पहले से गठित टीमों को सक्रिय करते हुए संक्रमितों के संपर्क में आए लोगों की पहचान कर सैंपलिंग करने का निर्देश दिया है। डीएम ने बताया कि जिले में अब तक 3,516 कोरोना संक्रमित मरीज मिले हैं।
जिनमें से उपचार के बाद 3,376 सही हो चुके हैं। संक्रमित मरीजों में 36 की मौत हो चुकी है तो वर्तमान में 104 मरीज अस्पताल व होम आइसोलेट रहकर उपचाराधीन हैं।