अमेठी। स्थानीय थाने के गांव विसूरा मजरे संभावा में इलाज के दौरान हुई वृद्ध की हत्या के आरोपी व प्रधान पति की गिरफ्तारी के बाद एनकाउंटर की आशंका पर बुधवार को ग्रामीण भड़क गए। बड़ी संख्या में थाने के गेट पर पहुंचे ग्रामीणों को देख विभाग में हड़कंप मच गया।
आननफानन में कई थानों की फोर्स बुलाकर ग्रामीणों को कई बार दौड़ाया गया लेकिन वह चालान होने तक हटने को तैयार नहीं हुए। दोपहर बाद पुलिस ने जब आरोपी का चालान न्यायालय भेजा तो ग्रामीण वापस लौटे। हालांकि इस दौरान पुलिस कई लोगों को हिरासत में लेते हुए कार्रवाई में जुटी है।
गौरीगंज थाने के गांव विसूरा मजरे संभावा में 21 मई को विवाद में हुई मारपीट में घायल जगदीश सिंह की सोमवार को इलाज के दौरान मौत गई। मौत के बाद परिवारीजनों का आक्रोश देखते हुए मंगलवार को पुलिस ने प्रधान समेत सभी आरोपियों पर इनाम घोषित कर दिया।
बुधवार सुबह पुलिस ने ग्राम प्रधान पति संजय यादव समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। प्रधान पति की गिरफ्तारी के बाद एनकाउंटर होने की फैली खबर पर बड़ी संख्या में प्रधान पति के समर्थक थाने के पास एकत्र हो गए। संजय यादव की गिरफ्तारी के बाद लोगों का आक्रोश देखते हुए पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया।
अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए एसपी डॉ. ख्याति गर्ग के निर्देश पर तत्काल मौके पर सीओ अमेठी पीयूष कांत राय समेत जामो, अमेठी, जासय व मुसाफिरखाना थाने की फोर्स बुलाई गई। फोर्स एकत्र होने के बाद ग्रामीणों को दौड़ाया गया। इस दौरान गांव से महिलाओं के आने की सूचना पर पुलिस ने बाबूपुर के पास सभी को रोक दिया तो वह वहीं पर प्रदर्शन करने लगी।
दो स्थानों पर प्रदर्शन से पुलिस कर्मी इधर-उधर भागते रहे। ग्रामीणों की संख्या बढ़ती देख कई बार उनसे बात की गई तो वह संजय यादव समेत अन्य आरोपियों का चालान भेजे जाने की मांग पर अड़े रहे। दोपहर बाद पुलिस ने संजय यादव समेत अन्य आरोपियों का चालान भेजा तो ग्रामीण वापस लौट गए।
हालांकि इस दौरान पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में भी लिया है। सीओ अर्पित कूपर ने बताया कि पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है। जांच के बाद चिन्हित कर उपद्रियों के खिलाफ केस दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।