फुरसतगंज (अमेठी)। चुनाव के दौरान अलर्ट मोड पर पुलिस को चार दिन पहले हुई फायरिंग की जानकारी वीडियो वायरल होने के बाद हुई। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद नींद से जागी फुरसतगंज पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस की लापरवाही चर्चा का विषय का बनी है। फुरसतगंज पुलिस की लापरवाही सामने आई है। हालांकि पुलिस ने मामले को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
रविवार की रात से सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो पर दो पक्षों में कहासुनी-गाली गलौज के साथ एक व्यक्ति बंदूक से फायरिंग करता नजर आ रहा है। वीडियो में फायरिंग व गाली-गलौज व जान से मारने के धमकी और शब्द साफ सुनाई दे रहे हैं। सोमवार को वीडियो वायरल होने के बाद फुरसतगंज पुलिस मामले में नींद से जागी। पुलिस ने गांव पहुंचकर जांच करते हुए पीड़ित फौज बहादुर के पास पहुंची।
पीड़ित फौज बहादुर ने बताया कि शुक्रवार को गांव के एक व्यक्ति ने उसे जान से मारने की धमकी दी तो उसके पुत्र ने राइफल से फायरिंग की। शनिवार को घर में घुसकर दोबारा जान से मारने की धमकी दी गई। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस केस दर्ज कार्रवाई करने में जुटी है। एसएचओ प्रवीण सिंह ने बताया कि फौज बहादुर से तहरीर मिली है। तहरीर पर केस दर्ज किया जा रहा है। सीओ डॉ. अजय सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। प्रकरण की जांच हो रही है।
शस्त्र सहित हो चुकी गिरफ्तारी
एसपी अनूप सिंह ने बताया कि वायरल वीडियो की जांच हो चुकी है। फायरिंग करने वाले को शस्त्र समेत गिरफ्तार कर लिया गया है। पूरे मामले में केस दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। शस्त्र निरस्तीकरण की रिपोर्ट डीएम कार्यालय भेजी जाएगी। पूरे प्रकरण में दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होगी।