अमेठी सिटी। परिषदीय स्कूलों में शैक्षिक सत्र 2024-25 में पंजीकृत बच्चों को पुरानी पाठ्य पुस्तक के सहारे पढ़ाई नहीं करनी होगी। सत्र शुरू होते ही पहले दिन पंजीकृत बच्चों को नई किताबें वितरित की जाएंगी। विभाग की मांग पर नामित प्रकाशन की ओर से पुस्तकों की आपूर्ति शुरू कर दी गई है। करीब 10 लाख किताबों की आपूर्ति भी हो चुकी है। किताबों को सुरक्षित रखवाते हुए विभाग जिला स्तरीय कमेटी से सत्यापन करा रहा है। किताबों को बीआरसी के माध्यम से स्कूल पहुंचाया जा रहा है। एक अप्रैल को किताबों का वितरण कराने की तैयारी है।
कक्षा-एक से आठ तक के विद्यार्थियों को शिक्षित करने के लिए बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से जिले में 1139 प्राथमिक, 234 उच्च प्राथमिक स्कूल, 197 कंपोजिट स्कूल संचालित किए जाते हैं। शैक्षिक सत्र 2023-24 में विभिन्न कक्षाओं में पंजीकृत 1,72,142 बच्चे 16 मार्च से परीक्षा देने के बाद एक अप्रैल से नवीन कक्षा में प्रवेश करेंगे। नवीन कक्षा में प्रवेश के बाद शैक्षिक सत्र 2024-24 में बच्चों को पुरानी पाठ्य पुस्तक से शिक्षण कार्य करने की परेशानी नहीं होगी।
सत्र शुरू होने के बाद स्कूल पहुंचे बच्चों के हाथों में नई किताबें होगी। नए शिक्षा सत्र के पहले दिन बच्चों को पुस्तकें उपलब्ध कराने के लिए बेसिक शिक्षा विभाग पूरी तरह से गंभीर है। पहले चरण में कक्षा तीन से आठ तक पढ़ने वाले बच्चों को पुस्तकें मुहैया कराने का फैसला लिया गया है।
एक अप्रैल से नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत होगी। कक्षा तीन से आठ तक के बच्चों के लिए 13,66, 621 किताबें खरीदने का आदेश दिया गया है। नामित संस्था सोमवार तक बेसिक शिक्षा विभाग को 9 लाख 36 हजार पाठ्य पुस्तक उपलब्ध करा चुकी है। शेष किताबें आ रही हैं।
विभाग की तैयारी है कि सत्यापन का कार्य होते ही 15 मार्च के बाद बीआरसी पर पुस्तकें भेजी जाएंगी, वहां से स्कूलों तक किताबें पहुंचाई जाएंगी। कक्षा एक और दो के लिए किताबें नहीं आई हैं। विभाग के जानकारों की मानें तो कक्षा एक और दो के लिए एनसीईआरटी से किताबें आएंगी। किताबों की आपूर्ति मिलने के बाद विभाग ने गोदाम में सुरक्षित रखवाने के बाद जिला स्तरीय कमेटी से सत्यापन कराने के साथ वितरण की कवायद शुरू कर दी है।
जांच के बाद होगा वितरण
जिला समन्वयक सामुदायिक सहभागिता संजय मौर्या ने सोमवार तक नौ लाख 36 हजार पाठ्य पुस्तकों की आपूर्ति मिलने की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि विषयवार व कक्षावार पाठ्य पुस्तकें मिलने के बाद जिल स्तरीय कमेटी से गुणवत्ता का परीक्षण कराया जाएगा। परीक्षा में मानक के अनुसार प्रकाशन, पन्ने व पाठ्य सामग्री होने के बाद स्कूलों में वितरित किया जाएगा। सभी प्राथमिक स्कूलों में अंग्रेजी माध्यम की एक-एक किताब नमूने के रूप में पहुंचाई जाएगी तो जिले में संचालित 65 मॉडल प्राथमिक स्कूल व 13 मॉडल उच्च प्राथमिक स्कूल में अंग्रेजी माध्यम की पुस्तकों का वितरण किया जाएगा।
31 मार्च को समारोह में किया जाएगा वितरण
जिले में पर्याप्त पुस्तकें आ गई हैं। एक अप्रैल से प्रारंभ होने वाले शिक्षा सत्र के पहले दिन ही बच्चों को पुस्तकें मुहैया कराई जाएंगी। बीआरसी के माध्यम से विद्यालयों तक पहुंचाने का खाका तैयार कर लिया गया है। आपूर्ति मिलने के साथ सत्यापन समेत अन्य प्रक्रिया पूरी कर 31 मार्च को स्कूलों में समारोह आयोजित कर परीक्षा फल वितरण के साथ बच्चों को पाठ्य पुस्तकें वितरित की जाएंगी।
संजय कुमार तिवार-बीएसए