इन्हौंना के चिलौली स्थित गोसाई का पुरवा मोड़ के पास हुए सड़क हादसे मे क्षतिग्रस्त बाइक। स्रोत:
सिंहपुर/जगदीशपुर। लखनऊ-सुल्तानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर इन्हौंना के चिलौली स्थित गोसाई का पुरवा मोड़ के पास बृहस्पतिवार को वैन की चपेट में आने से बाइक सवार प्राइवेट पशु चिकित्सक राकेश कुमार पाल (37) की मौत हो गई। उनका दोस्त धीरज विश्वकर्मा (29) गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
सुल्तानपुर के कोतवाली देहात क्षेत्र के धर्मापुर पितांवापुर लोहराऊ निवासी सत्यनारायण पाल ने बताया कि उनके बेटे राकेश प्राइवेट पशु चिकित्सक थे। बृहस्पतिवार को वह दोस्त धीरज के साथ बाइक से इलाज कराने लखनऊ जा रहे थे। दोनों इन्हौंना के चिलौली स्थित गोसाई का पुरवा मोड़ के पास पहुंचे थे, तभी विपरीत दिशा से आई वैन की चपेट में बाइक आ गई। हादसे में दोनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद वैन चालक वाहन छोड़कर भाग निकला।
आसपास के लोगों ने घायलों की मदद की। जानकारी मिलने पर एसओ विवेक सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। राकेश की जेब में मिले आधार कार्ड से उनकी पहचान हुई। पुलिस ने परिजनों को सूचना दी और दोनों घायलों को जगदीशपुर ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने राकेश को मृत घोषित कर दिया। धीरज की हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद उसे ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वैन तेज रफ्तार में गलत दिशा से आ रही थी। उपनिरीक्षक छविनाथ यादव ने बताया कि बाइक सवारों ने हेलमेट पहन रखा था। राकेश के शरीर के अंदरूनी हिस्से में चोट लगने से उनकी मौत हुई। सीओ दिनेश मिश्र ने बताया कि चालक की तलाश की जा रही है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
राकेश की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम पसर गया। मां श्यामरती का रो-रोकर बुरा हाल है। अस्पताल में पति का शव देखकर पत्नी सीता उससे लिपटकर रोने लगीं। बेटे शिवांग और शेखर भी पिता की मौत से गमगीन हैं। छोटा भाई राजेश, बड़ी बहन कविता और छोटी बहनें सरिता व सविता सदमे में हैं। पिता सत्यनारायण बेटे की मौत से गमगीन हैं।